Bokaro News: बोकारो/बेरमो स्थित सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (CCL) के ऑफिसर क्लब में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संसद’ कार्यक्रम में सिंदरी के युवा समाजसेवी आशीष सिंह सूर्यवंशी ने ‘एक राष्ट्र – एक चुनाव’ विषय पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। यह कार्यक्रम 21 एवं 22 मार्च को आयोजित किया गया था, जिसमें धनबाद और बोकारो जिलों के युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।
“एक राष्ट्र – एक चुनाव” से संसाधनों की होगी बचत
अपने संबोधन में आशीष सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि स्वतंत्रता के 70 वर्षों बाद भी देश में गरीबी और मूलभूत सुविधाओं की कमी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। आज भी लाखों लोग दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, और बड़ी आबादी झुग्गी-झोपड़ियों में रहने को मजबूर है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “एक राष्ट्र – एक चुनाव” लागू होने से चुनावी खर्चों में भारी कमी आएगी, जिससे बचाए गए संसाधनों का उपयोग गरीबी उन्मूलन और विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
चुनावी प्रक्रिया से विकास में रुकावट
आशीष सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों को एक साथ कराने से न केवल सरकारी संसाधनों की बचत होगी, बल्कि नेताओं का ध्यान विकास की ओर केंद्रित होगा। लगातार चुनाव होते रहने के कारण विकास कार्य बाधित होते हैं, क्योंकि नेता चुनाव प्रचार में व्यस्त रहते हैं और नीतिगत निर्णय लेने में देरी होती है।
युवाओं से किया समर्थन की अपील
अपने विचारों को रखते हुए उन्होंने सभा में उपस्थित युवाओं से “एक राष्ट्र – एक चुनाव” का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने इसे विकसित भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक और सकारात्मक कदम बताया।
