अभिषेक प्रताप सिंह ने ओ नेगेटिव ब्लड ग्रुप से थैलेसीमिया पीड़ितों की मदद में निभाई अहम भूमिका
समाज सेवा की मिसाल बने हाउसिंग कॉलोनी के निवासी, युवाओं को दिया बड़ा संदेश
Blood Donation Inspiration: मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए अगर कोई सच्चे मन से आगे आए, तो समाज में बदलाव संभव है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है हाउसिंग कॉलोनी निवासी अभिषेक प्रताप सिंह ने, जिन्होंने शनिवार को अपना 50वां रक्तदान करके समाज के लिए एक मिसाल कायम की। ओ नेगेटिव ब्लड ग्रुप वाले अभिषेक ने यह रक्तदान थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की जान बचाने के लिए धनबाद मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर में किया।
1997 से लगातार रक्तदान, प्रेरक जीवन यात्रा
अभिषेक ने वर्ष 1997 में रक्तदान की शुरुआत की थी और तब से लेकर आज तक हर ज़रूरतमंद की मदद के लिए वे लगातार रक्तदान करते आ रहे हैं। वे पेशे से प्रोडक्ट व फैशन डिज़ाइनर, टेडएक्स स्पीकर, रेस कर्मवीर अवार्डी और डिज़ाइन एजुकेटर हैं। समाजसेवा के इस संकल्प को उन्होंने अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है।
Blood Donation Motivation: युवाओं को दी भागीदारी की प्रेरणा
अभिषेक वर्तमान में विभिन्न विश्वविद्यालयों में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में भी कार्यरत हैं। उनका मानना है कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और हर व्यक्ति को इससे जुड़ना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि वे सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रक्तदान जैसे नेक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
