Ranchi News: झारखंड विधानसभा में बाघमारा विधायक श्री शत्रुघ्न महतो ने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास, अंबेडकर आवास और मछुआ आवास से जुड़ी गंभीर समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जरूरतमंदों को आवास तो प्रदान किया जाता है, लेकिन पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण लाभुक समय पर अपना आवास नहीं बना पाते, जिससे वे दर-दर भटकने को मजबूर हो जाते हैं।
आवास निर्माण में भूमि की कमी बनी बड़ी समस्या
विधायक महतो ने कहा कि सरकार को जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि गरीबों को इन योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि खनन के दौरान निकाले गए खनिजों के बाद गड्ढों वाली भूमि का समतलीकरण किया जाए, जिससे लाभुकों को घर बनाने के लिए पर्याप्त जमीन मिल सके।
सरकार से शीघ्र समाधान की मांग
विधायक ने राज्य सरकार से अपील की कि वह इस गंभीर मुद्दे को जल्द संज्ञान में लेकर लाभुकों को भूमि उपलब्ध कराने की अनुशंसा करे, ताकि जरूरतमंदों को उनके हक और अधिकार से वंचित न रहना पड़े।
“आवास योजना का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब हर जरूरतमंद को रहने के लिए भूमि उपलब्ध हो। सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।” – विधायक शत्रुघ्न महतो
