Dhanbad News: बुधवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने उपायुक्त माधवी मिश्रा के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। भूमि विवाद, फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने के प्रयास और पारिवारिक उत्पीड़न जैसे मामलों पर उपायुक्त ने संयुक्त जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वृद्ध महिला ने लगाई न्याय की गुहार, विक्रेता दे रहे हैं धमकी
मुनीडीह की एक वृद्ध महिला ने उपायुक्त से अपनी खरीदी गई जमीन पर कब्जा दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने टुंडी के बेहरा मौजा में चार डिसमिल जमीन खरीदी, जिसकी रजिस्ट्री, म्यूटेशन और सीमांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बावजूद इसके, विक्रेता उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं करने दे रहे और चहारदीवारी निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। वृद्धा ने बताया कि विक्रेता उन्हें डरा-धमका रहे हैं। उपायुक्त ने इस मामले में टुंडी के अंचल अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने का प्रयास
जनता दरबार में पहुंची एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके पति के निधन के बाद कुछ लोगों ने उनकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने की कोशिश की। महिला ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर फर्जी दस्तावेज रद्द कराने की अपील की, लेकिन पंजी 2 से संबंधित व्यक्ति का नाम अभी भी नहीं हटाया गया है। उपायुक्त ने तत्काल जांच कर फर्जीवाड़ा करने वालों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सरकारी अनुदानित भूमि की मापी न होने से परेशान महिला
तोपचांची की एक महिला ने उपायुक्त को बताया कि उन्हें सरकार द्वारा अनुदानित भूमि मिली है, लेकिन अंचल कार्यालय में आवेदन और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद भूमि की मापी नहीं की जा रही। उपायुक्त ने इस मामले में तोपचांची अंचल अधिकारी को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दबंगों द्वारा भूमि कब्जे की शिकायत
टुंडी के मनियाडीह से आए एक व्यक्ति ने उपायुक्त को बताया कि राजस्व कर्मचारी, राजस्व उप निरीक्षक और अंचल अधिकारी की अनुशंसा के बावजूद कुछ दबंग उनकी भूमि की मापी में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। बांस गाड़कर जबरन कब्जा करने की शिकायत पर उपायुक्त ने तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप के निर्देश दिए।
पारिवारिक विवाद पर भी आई शिकायतें
पांडरपाला की एक महिला ने शिकायत की कि उनका छोटा पुत्र और पुत्रवधू उनके साथ लड़ाई-झगड़ा, गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परिवारिक विवाद के समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार में उपायुक्त माधवी मिश्रा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि हर नागरिक को न्याय मिले और किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।
इस मौके पर सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) नियाज अहमद समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। जनता दरबार में उठी इन समस्याओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जल्द से जल्द समाधान निकालने की दिशा में पहल की जाएगी।
