House fire in Dhanbad: धनबाद के झारूडीह पॉलिटेक्निक रोड स्थित एक मकान में देर शाम अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, रास्ता संकीर्ण होने के कारण बड़ी दमकल गाड़ी मकान तक नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद छोटी दमकल गाड़ी का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। बड़ी गाड़ी को मकान के दूसरे छोर पर खड़ा कर राहत कार्य शुरू किया गया।
जल्द काबू पाई गई आग
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जल्द ही आग पर नियंत्रण पा लिया। बताया जा रहा है कि आग मकान के एक कमरे में लगी थी, लेकिन अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग को दूसरे कमरों तक फैलने से पहले ही बुझा लिया गया।
शॉट सर्किट बना आग की वजह
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी और धीरे-धीरे कमरे में फैल गई। यह मकान ठेकेदार रितेश बहादुर सिंह का है।
परिवार के लोग थे घर में मौजूद
आग लगने के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे। अचानक लगी आग से परिवार के लोग घबराकर दहशत में आ गए। गनीमत रही कि अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
आग पर काबू पाने के बाद घर के लोगों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली। यह घटना एक बार फिर शॉर्ट सर्किट से होने वाले खतरों की ओर इशारा करती है, जिससे बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है।
