पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता नटवर सिंह का निधन, पीएम मोदी ने किया शोक व्यक्त

नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता नटवर सिंह का देर रात निधन हो गया। वे 95 साल के थे और लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन पर पक्ष और विपक्ष से जुड़े तमाम नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पूर्व विदेश मंत्री के साथ एक तस्वीर भी साझा की। उन्होंने लिखा, नटवर सिंह के निधन से दुखी हूं। उन्होंने कूटनीति और विदेश नीति की दुनिया में समृद्ध योगदान दिया। वह अपनी बुद्धिमत्ता के साथ-साथ बेहतरीन लेखन के लिए भी जाने जाते थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, प्रतिष्ठित राजनयिक और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के निधन से गहरा दुख हुआ। उनके कई योगदानों में जुलाई 2005 के भारत-अमेरिका परमाणु समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका शामिल है। उनके द्वारा लिखी गई किताबें, विशेष रूप से चीन पर उन्होंने जो लिखा, उसने हमारी कूटनीति में बहुमूल्य अंतर्दृष्टि प्रदान की। उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। वरिष्ठ राजनेता रणदीप सुरजेवाला ने एक्स पर एक पोस्ट में सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के निधन का समाचार दुखद है। ईश्वर उनके परिजनों को यह क्षति सहने की शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को सदगति प्रदान करें।

Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
WhatsApp Channel Join WhatsApp