20th Anniversary of Sri Krishna Matri Sadan Katras | रौशनी से जगमगाया कतरास का श्री कृष्णा मातृ सदन | बोलीं डॉक्टर शिवानी झा, समय कैसे गुजर गया, पता ही नहीं चला, हमारे स्टॉफ, हमारी ताकत

बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा, सेवा परमो धर्म में बड़ी ताकत, इसी मूलमंत्र के जरिए पाई हमने सफलता

मुख्य अतिथि डॉक्टर विश्वनाथ चौधरी ने कहा श्री कृष्णा मातृ सदन फूले फले यही मेरी कामना

कतरास | कतरास का एक मात्र स्त्रीरोग अस्पताल श्री कृष्णा मातृ सदन आज पूरे 20 वर्षों का हो गया है। आज से ठीक 5 वर्ष बाद यह अस्पताल अपना रजत जयंती मना रहा होगा। इस 20 वर्षों में यह अस्पताल न जाने कितने उतार चढ़ाव देखे होंगे। बावजूद इसके अपने पथ पर निरंतर बढ़ता रहा। इस मौके पर अस्पताल के एक एक कर्मी के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

मंगलवार 27 अगस्त को 20 वर्ष पूरे होने के शुभ अवसर पर कतरास के रानी बाजार स्थित उक्त अस्पताल में शानदार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग बिरंगी लाइटों के साथ साथ फूल मालाओं की सजावट की गई है। समारोह को संबोधित करते हुए अस्पताल की डायरेक्टर सह मुख्य संचालिका डॉक्टर शिवानी झा की आंखे नम हो गई।

उन्होंने कहा कैसे 20 साल गुजर गए, पता ही नहीं चला। इन 20 सालों में हमने कई खट्टी मीठी यादें संजोते हुए आज हम यहां तक पहुंचे हैं। कालांतर में खो जाते हुए डॉक्टर झा ने कहा कि वह एक ऐसा दौर था जब छोटी छोटी आवश्यकता के लिए भी बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।

महिला मरीजों को महिला डॉक्टर से मिलने के लिए धनबाद या बाहर जाना पड़ता था, जहां वे अपनी समस्या को ठीक तरीके से नहीं बता पाती थी। श्री कृष्णा मातृ सदन ने उस समस्या को दूर किया। आज महिला मरीज मुखर होकर अपनी समस्या बता पाती हैं।

शुरुआती दिनों में कई मुश्किलात का सामना करना पड़ा, परंतु समय के साथ साथ सब ठीक होते चले गए। डॉक्टर शिवानी झा बताती हैं कि आभाव के उस दौर में हमारे पास महानगरों के विकल्प खुले हुए थे। लेकिन हमने कतरास को चुना। डॉक्टर शिवानी झा ने अस्पताल के कर्मचारियों की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि हम इन लोगों के बिना एक कदम भी नहीं चल सकते थे। इन सबों का भरपूर साथ मिला। हमारा स्टाफ ही, हमारा परिवार है।

हमारी ताकत है। कॉल फॉर हेल्प के जरिए हमारा एक एक स्टाफ सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। समारोह के मुख्य अतिथि डॉक्टर विश्वनाथ चौधरी ने श्री कृष्णा मातृ सदन के संचालिका डॉक्टर शिवानी झा एवम उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने अस्पताल के और तरक्की करने की कामना की। कार्यक्रम का संचालन कर रहे बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा कि सेवा परमो धर्म में बहुत शक्ति होती है। हमने इसी मंत्र को मूलमंत्र बनाया। 20 वर्षों के दौरान श्री कृष्णा मातृ सदन कई झंझावतों को झेलते हुए आज इस मुकाम पर डटा हुआ है।

श्री झा ने कहा कि किसी भी रण को जीतने में प्रेस की भूमिका अहम होती है। श्री कृष्णा मातृ सदन के इस सफलता में प्रेस के साथियों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। इस अवसर पर श्री झा ने मुख्य अतिथि डॉक्टर विश्वनाथ चौधरी को बुके देकर एवम शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर अस्पताल के समस्त कर्मियों व प्रेस प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा, डॉक्टर वीएन चौधरी, डॉक्टर नेहा प्रियदर्शनी, डॉक्टर धीरज चौधरी, अनुज कुमार सिन्हा उर्फ पलटू, शंकर चौहान, गौतम मंडल, बिनोद सिंह, अनंत श्रीकृष्णा, मनीषा मीनू, सात्विका झा एवं श्रीकृष्णा मातृ सदन के जयकांत प्रसाद सिंह, धीरज सिंह, मुन्ना झा, धीरेन रजवार, गीता देवी, सुनीता देवी, सुमन गोस्वामी, मीना कुमारी, बिरेन्द्र कुमार, गोबिंद हाड़ी समेत सभी कर्मी मौजूद थे।