Katras News: माहुरी समाज की कुलदेवी सिद्धिदात्री मां मथुरासिनी के पूजन उत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। यह दो दिवसीय धार्मिक आयोजन भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ संपन्न किया जा रहा है। शोभायात्रा की शुरुआत नदी किनारे स्थित सूर्य नारायण मंदिर से हुई, जो पंचगढ़ी बाजार मेन रोड, कतरास थाना चौक, सब्जी पट्टी होते हुए माहुरी समाज भवन तक पहुंची।
शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

शोभायात्रा में समाज के सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाएं और पुरुष पीले वस्त्र धारण कर, हाथों में धार्मिक ध्वज लिए चल रहे थे। वहीं, युवाओं ने डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए माहौल को भक्तिमय बना दिया। पूरे मार्ग में “मां मथुरासिनी” व “जय श्रीराम” के जयकारे गूंज रहे थे। भगवान भोलेनाथ की झांकी के रूप में नवीन गुप्ता आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।
श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम

बारिश के बावजूद भक्तों का जोश देखने लायक था। मां मथुरासिनी की तस्वीर को फूलों से सजी बग्घी में ले जाया गया, जिससे श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों जैसे संकट मोचन मंदिर कमेटी, सूर्य मंदिर समिति, लायंस क्लब ऑफ कतरास प्रॉपर और निवार्तमान पार्षद विनायक गुप्ता ने चाय, शीतल पेय, बिस्कुट, चॉकलेट व अल्पाहार की व्यवस्था की थी। श्रद्धालुओं पर जगह-जगह फूलों की वर्षा की गई, जिससे माहौल और भी भव्य हो गया।
पूजन व आरती के साथ धार्मिक अनुष्ठान

शोभायात्रा के समापन पर माहुरी समाज भवन में पहुंचकर मां मथुरासिनी की पूजा-अर्चना व आरती की गई, जिसे आचार्य उमाकांत पाठक ने संपन्न कराया। कार्यक्रम की विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कतरास पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन शोभायात्रा के आगे-आगे चल रहा था।
समाज के गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस भव्य आयोजन में गिरीडीह महामंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता, धनबाद मंडल के मदन राम गुप्ता, मारवाड़ी समाज, गुजराती समाज, जैन समाज, केसरी समाज और सिख समाज के पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

आयोजन को सफल बनाने में समाज का योगदान सराहनीय

पूजन उत्सव और शोभायात्रा को सफल बनाने में समाज के कई गणमान्य लोगों और समितियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नीरज गुप्ता, रौनक गुप्ता, शालिनी सेठ, संजय गुप्ता, दिलीप गुप्ता, सत्येंद्र गुप्ता, रजनीश गुप्ता, संदीप गुप्ता, सौरभ भदानी, शिखा गुप्ता, सीपी गुप्ता, रेनू सेठ, कविता गुप्ता, दीप्ति गुप्ता, बीनू गुप्ता, ममता गुप्ता, डंबली गुप्ता, अर्चना गुप्ता, चंचला गुप्ता, संगीता गुप्ता, राजेश गुप्ता, रोहित गुप्ता, अधिवक्ता अवधेश गुप्ता, कतरास चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव मनोज कुमार गुप्ता, प्रकाश राम गुप्ता, अजय गुप्ता, श्याम कांत गुप्ता, शिव कुमार गुप्ता, बाल गोविंद राम गुप्ता, मनोज राम गुप्ता समेत अन्य लोगों का योगदान महत्वपूर्ण रहा।

इस आयोजन को मां मथुरासिनी समिति ट्रस्ट, माहुरी वैश्य मंडल, माहुरी नव युवक समिति एवं माहुरी महिला समिति के पदाधिकारियों ने विशेष रूप से सफल बनाया। इस भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संचार किया।

