देशभर में 23 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भारत मंडपम में करेंगी मुख्य समारोह का उद्घाटन

नई दिल्ली। अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले वर्ष इसी दिन चंद्रयान-3 मिशन के दौरान चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर की सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग हुई थी। इस वर्ष के उत्सव का विषय चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन करेंगी। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, पिछले साल इसी दिन भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी हिस्से में चंद्रयान-3 उतारकर इतिहास रचा था। यह हमारा पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस है। यह न केवल जश्न मनाने का दिन है, बल्कि आत्मचिंतन और भविष्य की रूपरेखा तैयार करने का भी दिन है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि हमने कार्यक्रम को इसी के अनुसार तैयार करने और इसे भविष्य की दृष्टि से अकादमिक दृष्टिकोण देने का प्रयास किया है। यह नागरिकों को अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियों से अवगत कराने का भी अवसर है। एक तरह से यह ऐसा अवसर है जो हर नागरिक के दिल को छूता है। नई नीति आने और अंतरिक्ष क्षेत्र के उदारीकरण के साथ, हमने पिछले 3-4 वर्षों में इस क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाई है। जैसा कि वित्त मंत्री ने बजट में घोषणा की है, हम अगले 10 वर्षों में अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में 5 गुना वृद्धि करेंगे।

Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
WhatsApp Channel Join WhatsApp