
RANCHI | अब आप भी शादी या अन्य समारोह में झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप) 10 की महिला बैंड की बुकिंग कर सकेंगे। पहली बार जैप-10 महिला वाहिनी बैंड को आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है। बैंड की बुकिंग के लिए आपको 20 हजार रुपए देने होंगे। अगर आधी बैंड पार्टी की बुकिंग की जाती है, तो 10 हजार रुपए का भुगतान करना होगा। बैंड पार्टी के आने-जाने के लिए अलग से परिवहन शुल्क देना होगा। रांची शहर में परिवहन शुल्क 900 रुपए लगेगा। रांची के बाहर जाने की स्थिति में 16 रुपए प्रति किमी के दर से भुगतान करना होगा। बैंड की बुकिंग मात्र 2 घंटे के लिए होगी, वो भी सिर्फ रात 10 बजे तक। यानी रात 10 बजे के बाद के लिए आप बैंड नहीं बुक सकते हैं। इससे पहले जैप-1 का बैंड वर्ष 2010 से ही आम लोगों के लिए शादी और अन्य समारोह के लिए उपलब्ध था।