कोटालडीह जोरिया के समीप बाइक पेड़ से टकराया, तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई

धनबाद| टुंडी थाना क्षेत्र के महराजगंज मंझलीटांड पथ स्थित कोटलडीह जोरिया के समीप शनिवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर खजूर पेड़ से टकरा गया। जिससे बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मुर्राडीह, जंगलपुर, एवं लछुरायडीह का रहने वाला बताया जाता है। मृतकों में एक नाबालिग था। मृतकों में शाहिद अंसारी (18 वर्ष), पिता- सलीम अंसारी मुर्राडीह बरवाअड्डा, हसमत अंसारी (12 वर्ष) पिता- रहमत अंसारी, लछुरायडीह, महाराजगंज तथा सोनू अंसारी (18 वर्ष) पिता – इलियास अंसारी, जंगलपुर गोविंदपुर निवासी शामिल है। बाइक पर सवार युवक काफी तेज गति से बाइक चला रहे थे। जानकारी हो कि.तीनों युवक भोक्ता मेला देखने आए थे। तीनों युवक लछुरायडीह से नहाने के लिए बाइक पर सवार होकर जोरिया जा रहे थे। इस घटना पर झारखंड जनहित मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माना पाठक, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा, आजसू पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हलधर महतो, विधायक प्रतिनिधि मनीष साव कांग्रेस नेता अरसद अंसारी आदि ने दुःख जताया है।