Veteran Journalist Harinarayan Singh Passed Away | वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह का निधन: झारखंड की पत्रकारिता को अपूरणीय क्षति

वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह का निधन: झारखंड की पत्रकारिता को अपूरणीय क्षति

Veteran Journalist Harinarayan Singh Passed Away

रांची: झारखंड की पत्रकारिता के एक मजबूत स्तंभ, वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह का रविवार को रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले 10 महीनों से लंग्स कैंसर से जूझ रहे थे और मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पत्रकारिता में अपने चार दशकों से अधिक के योगदान से उन्होंने झारखंड-बिहार में एक विशिष्ट पहचान बनाई थी।

Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
WhatsApp Channel Join WhatsApp

अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

रविवार को दोपहर साढ़े तीन बजे उनके कोकर स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर फैल गई और सैकड़ों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नेताओं ने जताया शोक

वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह के निधन पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा, “उन्होंने अपने दीर्घ पत्रकारिता जीवन में निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ समाज और राज्य की सेवा की।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति दें।”

बाबूलाल मरांडी ने लिखा, “हरिनारायण सिंह ने दशकों तक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की सेवा की। उनका जाना दुखद है।”

एक संपादकीय विरासत के वाहक

हरिनारायण सिंह ने प्रभात खबर, दैनिक हिंदुस्तान में स्थानीय संपादक (रांची संस्करण) के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे हाल ही में आजाद सिपाही के संपादक के रूप में सक्रिय थे। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में सच्चाई और जनहित को सर्वोपरि रखा।