यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर शशि शेखर ने लहराया तिरंगा

रांची| झारखंड के पर्वतारोही शशि शेखर ने 17 अगस्त को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी, माउंट एल्ब्रुस (5,642 मीटर) पर तिरंगा फहराया। रूस के कॉकस पर्वत श्रृंखला में स्थित इस पर्वत पर चढ़ाई कर उन्होंने एक नई उपलब्धि हासिल की और झारखंड का नाम रोशन किया। शशि ने इसके पहले माउंट एवरेस्ट के बालकनी, नेपाल स्थित माउंट लोबुचे और माउंट मनिरंग की समिट कैम्प तक की चढ़ाई की है। शशि शेखर गोमिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. लम्बोदर महतो के पुत्र हैं। शशि ने अपना अभियान 13 अगस्त को रांची की एक एडवेंचर कंपनी के साथ शुरू किया और 17 अगस्त को माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को अपने पिता डॉ. लम्बोदर महतो और गोमिया के लोगों को समर्पित किया।