सिंदरी में बड़ा हादसा टला: सिंदरी विधानसभा अंतर्गत मनोहरटांड़ हिरक पथ में क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। शनिवार को निर्माण कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन अचानक पुल के नीचे गिर गई, लेकिन सौभाग्यवश ड्राइवर की जान बाल-बाल बच गई।
ग्रामवासियों ने बचाई ड्राइवर की जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पहले से ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त था, और निर्माण कार्य के दौरान मशीन अपने निर्धारित कार्य में लगी हुई थी। अचानक पुल का कमजोर हिस्सा भरभरा कर गिर गया और पोकलेन नीचे जा गिरी। वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि ड्राइवर को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
बड़ा हादसा टलने से लोगों ने ली राहत की सांस
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुल की जर्जर स्थिति को लेकर नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में पूरी सतर्कता बरती जाती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। हालांकि, ड्राइवर की सकुशल बचाव से सभी ने राहत की सांस ली।
