सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती: वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों ने बताया स्थिर
सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को पेट से जुड़ी समस्या के चलते रविवार को दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
डॉक्टरी निगरानी में रखा गया
अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी है कि सोनिया गांधी को पेट से संबंधित शिकायत के बाद मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। उनकी देखरेख एक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है। हालांकि अस्पताल ने स्पष्ट किया है कि घबराने की कोई बात नहीं है क्योंकि उनकी स्थिति फिलहाल पूरी तरह स्थिर है।
पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता, नेताओं ने जताई शुभकामनाएं
सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर कांग्रेस समर्थकों और नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
हाल के दिनों में कुछ कार्यक्रमों में नहीं हुईं शामिल
बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ महसूस कर रही थीं और इसी कारण वह कुछ प्रमुख राजनीतिक बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सकीं।
अस्पताल की ओर से अपडेट
गंगाराम अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, “सोनिया गांधी को पेट से जुड़ी समस्या के चलते भर्ती किया गया है। उनकी स्थिति स्थिर है और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। आगे की जांच और इलाज डॉक्टरों की टीम द्वारा की जा रही है।”
