JHARIA | भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का झरिया आगमन गर्व की बात:रागिनी सिंह

निरसा व सिंदरी विधानसभा क्षेत्र से होगी संकल्प यात्रा की शुरूआत:चंद्रशेखर सिंह

DHANBAD | संकल्प यात्रा पर निकले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 27 सितंबर बुधवार को झरिया विधानसभा पहुंचने वाले हैं। झरिया में वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसको लेकर भाजपा नेत्री रागिनी सिंह के नेतृत्व में व्यापक तैयारी चल रही है। इसी की जानकारी देने के लिए सोमवार को झरिया कतरास मोड़ स्थि‍त सिंह मेंशन में प्रेसवाता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता को मुख्य रूप से रागिनी सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार अग्रवाल व रमेश राही ने संबोधित किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए रागिनी सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत के लिए भव्य तैयारी चल रही है। श्री मरांडी आरएसपी कॉलेज ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए भव्य पंडाल व स्टेज बनाने का काम चल रहा है। प्रत्येक काम के लिए अलग-अलग लोगों को लगाया गया है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष श्री मरांडी का झरिया आगमन पहली बार होने जा रहा है। यह हमारे लिए गर्व व स्वभाग्य की बात है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता उत्साहित हैं। जनसभा ऐतिहासिक होगी। दस से बीस हजार लोग जुटेंगे। झारखंड की वर्तमान सरकार भ्रष्ट है। इस सरकार में विकास कोसों दूर है। अपराध चरम सीमा पर पहुंच चूका है। इस सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए हमसभी दृढ़ संकल्प‍ित हैं। श्री मरांडी इस कार्यक्रम के माध्यम से झरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता से रूबरू होंगे। भाजपा धनबाद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के संकल्प यात्रा के दौरान धनबाद आगमन की विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कल यानि 26 सितंबर को निरसा व सिंदरी से संकल्प यात्रा का शंखनाद होगा। गोविंदपुर में रात्रि विश्राम के बाद अगली सुबह यानि 27 सितंबर को धनबाद व झरिया के लिए यात्रा को आरंभ किया जाएगा। धनबाद में विभिन्न स्थानों पर श्री मरांडी का भव्य स्वागत किया जाएगा। करीब बारह बजे धनसार व बस्ताकोला के बीच झरिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। जुलूस की शक्ल में उनका कारवां आरएसपी कॉलेज ग्राउंड पहुंचेगी, जहां वे करीब दिन के एक बजे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर भोजन के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी धनबाद विधानसभा क्षेत्र में आहूत जनसभा को संबोधित करने के लिए लिए प्रस्थान कर जाएंगे। भाजपा धनबाद जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने पत्रकारों को आगे संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की कांग्रेस समर्थित हेमंत सोरेन की सरकार सभी मोर्चे पर फेल हो गई है। यह विकास विरोधी व भ्रष्टाचार का पोषण करने वाली व राज्य के खनिज संपदाओं की लूट मचाने वाली सरकार है। यह सरकार जनता के साथ छल किया है। इसका भंडाफोड़ करना जरूरी है। इसी उद्देश के तहत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी संकल्प यात्रा में हैं। यह यात्रा पांच चरणों में थी। यह उनका अंतिम चरण चल रहा है। हमारी पार्टी जनता के साथ मिलकर इस सरकार को सत्तामुक्त करने का संकल्प लिया है। श्री सिंह ने इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने का आह्रवान किया है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी समिति के सदस्य राजकुमार अग्रवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार अकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। इस सरकार को आम जनता के मूलभूत आवश्यकताओं से कोई लेना-देना नहीं है। इस सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए ही संकल्प यात्रा निकाली गई है। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश राही ने कहा कि इस राज्य में अमन-चैन की बहाली कैसे हो, इस राज्य का विकास कैसे हो, इस बात के संकल्प को लेकर यह यात्रा निकाली गई है। मौके पर मानस प्रसून, संजय झा, संतोष शर्मा, अरुण साव, सुजीत सिन्हा, राजाराम पासवान, अभिषेक पांडेय,राज किशोर जेना, शैलेश सिंह चंद्रवंशी, अरिंदम बनर्जी, दिलीप भारती समेत कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *